गम्हरिया: गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को लगातार जलजमाव और कीचड़ से जूझना पड़ रहा है. भारी बारिश के बाद मुहल्लों की सड़कों पर पानी भरा हुआ है, जिससे घरों के सामने और गलियों में दलदल की स्थिति बन गई है. ग्रामीणों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है.
प्रशासनिक उदासीनता के विरुद्ध फूटा आक्रोश
इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा नेत्री रश्मि साहु के नेतृत्व में हुए इस विरोध में प्रदर्शनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन तेज होगा.
ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान बीडीओ अभय कुमार द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कहा गया कि पंचायत क्षेत्र के लोग महीनों से जलजमाव से परेशान हैं. कई बार विभागीय अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि केवल औपचारिकता निभाकर प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है, जिससे जनता में भारी नाराजगी है.
बीडीओ ने दिया समाधान का भरोसा
प्रदर्शन के बाद बीडीओ अभय कुमार द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : Sidharth Kiara Baby Girl: पेरेंट्स बने सिद्धार्थ-कियारा, प्यारी ‘प्रिंसेस’ के स्वागत में पैप्स को भेजा खास तोहफा
There is no ads to display, Please add some


















































