जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र की नामदा बस्ती में शनिवार सुबह एक दर्दनाक वारदात ने लोगों को झकझोर दिया. मनीषा कौर नामक महिला का शव उसके घर के कमरे में पलंग पर पड़ा मिला. महिला की गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई थी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पति पर शक की सुई
घटना के बाद से ही मृतका का पति गुरप्रीत सिंह फरार है. पुलिस को प्रथम दृष्टया शक है कि हत्या में उसका ही हाथ हो सकता है. बताया जा रहा है कि मनीषा और गुरप्रीत ने करीब नौ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद का सिलसिला चलता रहा. कई बार मामला आसपास के लोगों और परिवारवालों तक भी पहुंचा.
पुलिस जुटी जांच में
फिलहाल पुलिस गुरप्रीत की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है. अधिकारियों के अनुसार, जब तक वह पकड़ा नहीं जाता, हत्या की असली वजह और घटनाक्रम स्पष्ट नहीं हो सकेगा. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और महिला की निर्मम हत्या पर शोक व्यक्त कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: पारंपरिक कलाएं बदलेंगी ग्रामीणों की आजीविका, उत्पादों को बाज़ार में लाने की नई पहल