सीसीटीवी से होगी निगरानी, सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों एवं एआई जनरेटेड फेक वीडियो से सावधान रहने, भ्रामक खबरों को प्रसारित नहीं करने के संबंध में भी जागरूक करने की अपील
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में दुर्गापूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर पेश-ए-इमाम, मस्जिदों के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेश-ए-इमाम, मस्जिदों के अध्यक्ष एवं सचिवों ने जनसुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार रखे। विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी से निगरानी, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर, ड्रॉप गेट, भीड़ प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन की ओर से दुर्गापूजा को लेकर की जा रही तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था से भी सभी को अवगत कराया गया।
उपायुक्तराजीव रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान साफ-सफाई समेत श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचना आवश्यक है। सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द्र बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उपायुक्त ने विशेष रूप से युवाओं से संयमित व्यवहार रखने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के सही न मानें और न ही उसे आगे साझा करें। एआई के माध्यम से तैयार किए गए फेक वीडियो, एडिटेड वीडियो अथवा भ्रामक तस्वीरों के जरिए लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किए जाने पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को जानकारी दें।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने पेश-ए-इमाम एवं मस्जिदों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक खबर, फेक न्यूज अथवा वायरल वीडियो पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग एवं सामूहिक जिम्मेदारी से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि पूजा एवं विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन प्रभावी रहे, प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो, विसर्जन घाटों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम एवं गोताखोर उपलब्ध रहें तथा साफ-सफाई एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हो। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार ड्रॉप गेट एवं अन्य प्रबंधन उपायों के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित करने पर भी चर्चा की गई। सभी नागरिकों से अपील की गई कि दुर्गापूजा को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द्र के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह, भड़काऊ संदेश या असत्यापित सोशल मीडिया सामग्री का हिस्सा न बनें।
There is no ads to display, Please add some


















































