बहरागोड़ा: बहरागोड़ा का भारत कल्याण मंडप, जो कभी सामाजिक और राजनीतिक आयोजनों का केंद्र था, आज उपेक्षा की मार झेल रहा है। पीडब्ल्यूडी विश्रामालय के पास स्थित यह भवन अब झाड़ियों से घिर चुका है और रखरखाव के अभाव में खंडहर में तब्दील होता जा रहा है।
इस भवन का निर्माण संसद निधि से किया गया था और इसका उद्घाटन 11 जून 2009 को तत्कालीन राज्यसभा सांसद डॉ. एस. एस. अहलुवालिया ने किया था। लेकिन समय के साथ सरकारी लापरवाही के कारण भवन की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आज स्थिति यह है कि खिड़कियों के शीशे टूट चुके हैं, छत के छज्जे झर रहे हैं और पूरा ढांचा जर्जर हो चुका है।

स्थानीय ग्रामीणों ने भवन की दुर्दशा पर गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों ही इस संपत्ति की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई, तो मंडप का नामोनिशान मिट जाएगा।
एक समय यह मंडप सामाजिक मेल-मिलाप और राजनीतिक चर्चाओं का प्रमुख स्थल था, लेकिन अब किसी भी आयोजन के लिए इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यह पूरी तरह सूना पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि भारत कल्याण मंडप का तुरंत जीर्णोद्धार कराया जाए और रखरखाव की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि यह भवन एक बार फिर क्षेत्रीय गतिविधियों का केंद्र बन सके।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जल परीक्षण शुरू, JSPCB ने लिए नमूने




















































