जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित अंचल कार्यालय के सामने सोमवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाबूडीह लालभट्टा निवासी 42 वर्षीय छोटू कर्मकार अपने तीन साथियों के साथ ऑटो से हाता की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथी दिलीप को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने छोटू की नाजुक हालत देखते हुए एमजीएम अस्पताल और फिर रांची रिम्स रेफर कर दिया। जांच के बाद रिम्स के डॉक्टरों ने छोटू को मृत घोषित कर दिया।
मृतक छोटू कर्मकार पेशे से चालक था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
टक्कर मारने वाली कार हादसे के बाद मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन की तलाश जारी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें :
Potka: पोटका में मानसिक रोगियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 52 मरीज हुए लाभान्वित


















































