जमशेदपुर: दीपावली की खुशियों के बीच टेल्को थाना क्षेत्र के रामाधीन बागान में दीपावली की रात हंगामे का माहौल बन गया। रात करीब साढ़े 10 बजे मंदिर के पीछे कुछ युवक शेड में बैठकर नशा कर रहे थे। पास में रहने वाले परिवार ने जब इसका विरोध किया, तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर नशे में धुत युवकों ने अपने करीब 30-35 साथियों को बुला लिया। सभी ने मिलकर ईंट और लाठी से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दो महिलाओं समेत लगभग छह लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी तीन बार हो चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस ने किसी ठोस कार्रवाई नहीं की है। परिवार के लोग डर के साये में हैं और किसी बड़ी वारदात की आशंका जता रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ितों ने टेल्को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे वरीय अधिकारियों से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग करेंगे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


















































