जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बाजार में गुरुवार देर शाम चोरी का प्रयास असफल रहा। चार युवकों में से एक को दुकानदारों ने रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
नशे में दुकान पर पहुंचे चार युवक
जानकारी के मुताबिक, घटना अशोक स्टोर नामक राशन दुकान की है। देर शाम चार युवक एक बाइक और एक स्कूटी पर सवार होकर दुकान पहुंचे। वे नशे की हालत में थे और पहले कुछ सामान खरीदा। इसके बाद उन्होंने और सामान देने की मांग शुरू कर दी। जैसे ही दुकानदार गल्ले के पास गया, उनमें से एक युवक ने मौका पाकर करीब 5 हजार रुपये नकद और कुछ सामान उठा लिया और भागने लगा।
पीछा कर एक युवक पकड़ा गया
भागते समय स्कूटी पर सवार दो युवक अनियंत्रित होकर पास की दुकान से टकरा गए और गिर पड़े। मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला। भीड़ ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, तीन की तलाश जारी
सिदगोड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान बिरसानगर नंबर 6 निवासी रमेश के रूप में हुई। पूछताछ में रमेश ने बताया कि चोरी में मनीष सेन और दो अन्य साथी शामिल थे। पुलिस ने रमेश से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
बाजार में नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद बारीडीह बाजार के दुकानदारों में नाराजगी और डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: छठ के सफर में उमड़ा जनसैलाब, टाटानगर स्टेशन और मानगो बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़



















































