जमशेदपुर: 5 नवंबर को जमशेदपुर में कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी का जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सोनारी से नगर कीर्तन निकाला जाएगा और हजारों लोग इसमें भाग लेंगे।
नगर कीर्तन और कार्तिक पूर्णिमा के आयोजनों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन 5 नवंबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पूर्णतः वर्जित कर दिया है। बस सेवाओं का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
यह आदेश उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयुष पांडेय और ट्रैफिक डीएसपी नीरज के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी किया गया है। प्रशासन ने नो-इंट्री नियम को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।
कार्तिक पूर्णिमा पर लोग नदी में डुबकी लगाने के लिए सोनारी दोमुहानी और अन्य नदियों में पहुंचेंगे। सिख समाज के लोग गुरु नानक देव जी के जन्मदिन पर नगर कीर्तन में शामिल होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।