बारीपदा : भारत की रेलवे अधोसंरचना को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित बारीपदा रेलवे स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशभर में विभिन्न रेल परियोजनाओं का उद्घाटन एवं राष्ट्र को दो नई ट्रेनों की भी सौगात दी। यह कार्यक्रम भारत सरकार की रेल संपर्क विस्तार तथा विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। देशभर में एक साथ उद्घाटित किए गए 75 अमृत रेलवे स्टेशनों में बारीपदा रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा।
यह भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण तथा यात्री-केंद्रित रेलवे अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। लोकार्पण के अवसर पर बारीपदा रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान खड़गपुर मंडल के विभिन्न रेलवे विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।

समारोह में ओडिशा सरकार के मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र, मयूरभंज लोकसभा सांसद नबा चरण माझी, बारीपदा विधायक प्रकाश सोरेन, सरसकाना विधायक भादव हांसदा, ओडिशा विधानसभा के पूर्व सदस्य एवं मयूरभंज राजपरिवार के 47वें नामधारी महाराजा प्रवीण चंद्र भंज देव, खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय, दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य अभियंता (निर्माण) विजय प्रकाश साराफ सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित बारीपदा रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, वहीं इसकी डिजाइन में क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलती है। स्टेशन को दिव्यांगजन अनुकूल, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं यात्री-मित्र परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिससे क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। खड़गपुर रेल मंडल ने कहा कि पुनर्विकसित बारीपदा रेलवे स्टेशन का सफल लोकार्पण आधुनिक रेलवे अधोसंरचना विकसित करने, बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सहज यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में मंडल की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इसे भी पढ़ें : Gua : घायल आवारा कुत्ते की मदद को आगे आईं समाजसेवी पिंकी गोच्छाईत उपचार कर पेश की मानवता की मिसाल



















































