जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम (उप महाप्रबंधक) मनीष जैन सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। उनके साथ चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एजीएम ने टाटानगर स्टेशन के मुख्य परिसर के अलावा सेकंड एंट्री की ओर स्थित स्टेशन परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य, यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों से यह भी जाना कि चल रहे कार्यों को और बेहतर तरीके से कैसे पूरा किया जा सकता है, ताकि निर्माण के साथ यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
दिसंबर 2028 तक पूरा होगा स्टेशन का पुनर्विकास
निरीक्षण के दौरान टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। रेलवे ने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों ने एजीएम को अब तक हुए कार्यों, निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों की विस्तृत जानकारी दी।
एजीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। साथ ही यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
वंदे भारत कोचिंग डिपो और थर्ड लाइन पर चर्चा
दौरे के दौरान टाटानगर में प्रस्तावित वंदे भारत कोचिंग डिपो की योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रस्तावित डिपो से संबंधित तैयारियों और योजना की वर्तमान स्थिति से एजीएम को अवगत कराया।
इसके अलावा टाटानगर-आदित्यपुर के बीच प्रस्तावित थर्ड लाइन को लेकर भी चर्चा हुई। इस रेल परियोजना को जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक तैयारियों और आगे की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में रेलवे के अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। वहीं दिसंबर 2026 तक खड़गपुर, आगरा और रांची डिवीजन में एनआई (नॉन-इंटरलॉकिंग) से संबंधित कार्यों को पूरा करने के लक्ष्य को लेकर भी जानकारी साझा की गई।
सिख समाज ने जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रोजाना चलाने की मांग रखी
एजीएम के निरीक्षण के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने भी उनसे मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर से अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ट्रेन के दैनिक परिचालन से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अमृतसर सहित पंजाब जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
इस पर एजीएम मनीष जैन ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय रेलवे बोर्ड के स्तर पर होता है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की मांग और संबंधित जानकारी को रेलवे बोर्ड तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
यात्रियों की सुविधा और रेलवे हित पर जोर
पत्रकारों से बातचीत में एजीएम मनीष जैन ने कहा कि टाटानगर स्टेशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण कर स्थिति को समझा जा रहा है। सभी कार्य रेलवे के निर्धारित सिस्टम और नियमों के अनुसार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य रेलवे की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना है, ताकि यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधा मिले और रेलवे के हितों का भी ध्यान रखा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
एजीएम के दौरे को टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो पुल से बच्चे के साथ नदी में कूदने का महिला ने किया प्रयास, राहगीरों ने बचाया
There is no ads to display, Please add some


















































