जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की निगरानी हेतु लगाई गई मशीनें पिछले कई दिनों से तकनीकी कारणों से बंद थीं. इसकी जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता संघ के केंद्रीय महासचिव एवं आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने सार्वजनिक की.
कृतिवास मंडल ने प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली को दी गई अपनी शिकायत में कहा कि कभी हरियाली और स्वच्छ हवा के लिए पहचाना जाने वाला जमशेदपुर अब प्रदूषण की चपेट में है. शहरवासियों को दमघोंटू हवा में जीना पड़ रहा है, जबकि नगर निकाय अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े हुए है.
शहर में मानगो गोलचक्कर, डिमना चौक और जुगसलाई कुअंर सिंह चौक पर स्थापित तीनों एक्यूआई मशीनें बंद पड़ी थीं. इन मशीनों के माध्यम से आम नागरिकों को वायु गुणवत्ता की जानकारी मिलती थी, लेकिन लंबे समय से इनके बंद रहने पर नगर निकाय की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं.
कृतिवास मंडल की शिकायत पर प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग ने मानगो नोटिफाइड एरिया कमिटी के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर कृष्ण कुमार से जांच प्रतिवेदन मांगा. जांच में यह स्वीकार किया गया कि मशीनें तकनीकी खराबी के कारण निष्क्रिय थीं. प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि एक सप्ताह के भीतर सभी एक्यूआई मशीनें पुनः सक्रिय कर दी जाएंगी.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: झारखंड के लोगों को मिली बड़ी सौगात, मुंबई में बनेगा सात मंज़िला झारखंड भवन – जानिए क्या होंगी सुविधाएं