बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया स्थित साल जंगल में दो जंगली हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलने पर वन विभाग सतर्क हो गया है. हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को सचेत रहने की सलाह दी गई है.
वन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देश
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास जाने से बचें और उनकी तस्वीरें या वीडियो बनाने के लिए जोखिम न उठाएं. साथ ही, जंगल में लकड़ी या सूखे पत्ते बीनने से परहेज करने की हिदायत दी गई है. ग्रामीणों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे हाथियों को किसी भी तरह परेशान न करें और यातायात के लिए जंगली रास्तों का प्रयोग करने से बचें.
वन विभाग की निगरानी टीम सक्रिय
हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है, ताकि उन्हें गांव की ओर बढ़ने से रोका जा सके. हालांकि, अभी तक हाथियों ने किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन एहतियातन ग्रामीणों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है. वन विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि हाथी गांव की ओर बढ़ते हैं, तो तुरंत विभाग को सूचित किया जाए.
इसे भी पढ़ें : Bokaro: बोकारो में विस्थापितों पर लाठीचार्ज, एक युवक की मौत से भड़का आक्रोश