जमशेदपुर: सोनारी के भूतनाथ मंदिर परिसर स्थित नारायणी धाम में सोमवार को भक्तिभाव और उल्लास का माहौल देखने को मिला। नारायणी सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर की ओर से चल रहे श्री श्री राणी सती दादी जी, लखदातार श्री श्याम प्रभु और सालासर बालाजी महाराज मंदिर के छह दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन सुबह पूजा-अर्चना और शाम को भव्य चुनरी महोत्सव का आयोजन हुआ।
प्रातः 8 बजे से पूजा की शुरुआत हुई, जिसमें मंडप पूजन, वेदी पूजन, हवन, देव जागरण, स्तुति पुष्पाधिवास, शर्कराधिवास और शयन स्तुति की विधियां संपन्न की गईं। संस्था के बीस सदस्यों ने अपनी पत्नियों के साथ मिलकर पूजा-अर्चना की। पूजा का संचालन वाराणसी से आए आठ विद्वान पंडितों ने दीपक पुरोहित की देखरेख में किया।
शाम 6:30 बजे से राणी सती दादी जी का चुनरी महोत्सव शुरू हुआ। मातृशक्ति ने उत्साह के साथ भाग लिया और सैकड़ों भक्तों ने दादीजी के दरबार में सुख-समृद्धि की कामना की। करीब 601 महिलाओं ने चुनरी चढ़ाई और भजनों पर झूमकर नृत्य किया।
कार्यक्रम में आगरा से आई भजन गायिका संगीता अग्रवाल ने राजस्थानी लोक गीतों और भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने “लाल चुनरिया ओढ़ के मैया आज पधारी हैं”, “थारा भगत लाया माँ तारा री चुनरी”, और “कलियुग की अवतार दादी आई हैं” जैसे भजनों से पूरा माहौल भक्ति में डुबो दिया।
महोत्सव के चौथे दिन मंगलवार (4 नवंबर) को सुबह 8 बजे से पूजा होगी। दोपहर 3 बजे राम मंदिर, बिष्टुपुर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सोनारी नारायणी धाम पहुंचेगी।
तीसरे दिन के कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकुमार संघी, राजकुमार चंदुका, कैलाश सरायवाल, बिमल गुप्ता, ललित सरायवाल, रामरतन कांवटिया, संदीप गोयल, रूपक पसारी, अनिल अग्रवाल, अमित गुप्ता (चंदुका), आशीष अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल और मनोज अग्रवाल समेत कई श्रद्धालुओं का योगदान रहा।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: ब्लड बैंकों की व्यवस्थाओं की जांच में जुटे उपायुक्त, पारदर्शिता और सुरक्षा पर दिया जोर