जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के टाउन हॉल, सिदगोड़ा में आयोजित एक भव्य जिला स्तरीय समारोह में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत चयनित 187 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, विधायक बहरागोड़ा समीर मोहंती, विधायक जुगसलाई मंगल कालिंदी, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज कुमार समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
नव नियुक्त कर्मियों को मिला दायित्व
कार्यक्रम के दौरान 130 एएनएम-आरसीएच, 37 स्टाफ नर्स-आरसीएच, 3 जीएनएम-सीएचसी एनसीडी क्लिनिक, 12 फार्मासिस्ट-आरबीएसके, 1 सोशल वर्कर, 1 ऑप्थेल्मिक असिस्टेंट और 3 न्यूट्रीशनल काउंसलर-एमटीसी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. सभी नवनियुक्त कर्मियों को स्वास्थ्य सेवा में ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी गई.
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम
स्वास्थ्य मंत्री ने जिले के लावजोड़ा पीएचसी (पटमदा), घोड़ाबांधा पीएचसी और पोटका के आसनबनी पीएचसी में लेबर रूम और कोल्ड चेन का उद्घाटन भी किया. साथ ही पूरे राज्य में हाट-बाजार स्वास्थ्य शिविर अभियान का शुभारंभ करते हुए इसे जनसामान्य तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम बताया.
सरकार की प्राथमिकता में स्वास्थ्य और रोजगार
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर है. उन्होंने बताया कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों से लेकर पीएचसी स्तर तक चिकित्सा और पैरा-मेडिकल कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है. सरकार का उद्देश्य है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरे देश में सर्वोत्तम बने.
शिक्षा मंत्री ने जनजातीय शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया की दी जानकारी
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ठोस कार्य कर रही है. उन्होंने जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा के शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी और नवनियुक्त कर्मियों से ग्रामीण क्षेत्रों में समर्पित सेवा की अपेक्षा जताई.
जनप्रतिनिधियों ने रखी स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की मांग
विधायक समीर मोहंती ने घाटशिला अनुमंडल में डायलिसिस सेंटर और गुड़ाबांदा में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग रखी, जबकि विधायक मंगल कालिंदी ने ग्रामीण क्षेत्रों में अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध कराने की जरूरत जताई. दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य कर्मियों से समय पर उपस्थिति और मरीजों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार की अपील की.
इसे भी पढ़ें :




















































