जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने इश्तहार चस्पा कर कार्रवाई तेज कर दी है। मामला वर्ष 2023 का है, जब नावेद खान, निवासी रोड नंबर 8 जवाहर नगर, ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 21, ज़ाकिर नगर निवासी खुर्शीद इकराम के खिलाफ मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार खुर्शीद इकराम ने ट्रेडिंग के नाम पर 28 लाख रुपये निवेश करवाने का झांसा देकर राशि हड़प ली थी।
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच में ठगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लेकिन तब से खुर्शीद इकराम फरार चल रहा है। पुलिस की कई कोशिशों और नोटिस जारी करने के बावजूद आरोपी ने न तो थाने में हाज़िर दिया और न ही जांच में सहयोग किया।
कोर्ट के आदेश पर मानगो पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी के ज़ाकिर नगर स्थित आवास के बाहर इश्तिहार चिपकाया। इश्तहार में आरोपी को निश्चित समय सीमा में न्यायालय या थाना में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने कहा कि निर्धारित समय में उपस्थित नहीं होने पर आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित को न्याय दिलाने और आरोपी को पकड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।















































