जमशेदपुर : शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शुमार आरएमएस हाई स्कूल, खुंटाडीह (सोनारी) ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने सफल 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को ‘सिल्वर जुबिली समारोह’ के रूप में मनाया गया। इसका आयोजन रविवार को एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के वर्तमान छात्रों के साथ-साथ पूर्व छात्र, उनके अभिभावक, शहर के कई शिक्षाविद् और गणमान्य लोग काफी संख्या में उपस्थित हुए। राजस्थान मैत्री संघ के अध्यक्ष संजय केडिया और विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. परिणीता शुक्ला ने संयुक्त रूप से अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि यूनाइटेड नेशन्स पॉपुलेशन फंड की पूर्व प्रमुख डॉ. सुनीता मुखर्जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव व पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने शिरकत की।
37 छात्रों से शुरू हुए संस्थान में अब 1396 छात्र
प्रधानाचार्या डॉ. परिणीता शुक्ला ने विद्यालय के 25 वर्षों के संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि एक समय यह केवल एक छोटा सा हिंदी माध्यम विद्यालय था, जो सिर्फ कक्षा 5 तक चलता था और इसमें मात्र 37 विद्यार्थी थे। लेकिन आज अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रबंधन के दम पर यह संस्थान सीबीएसई से संबद्ध 10+2 अंग्रेजी माध्यम का एक विशाल और आधुनिक विद्यालय बन चुका है। वर्तमान में यहाँ 1394 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। गौरतलब है कि स्कूल को वर्ष 2016 में कक्षा 10वीं के लिए सीबीएसई की मान्यता मिली थी। आज यहाँ के छात्र सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेल-कूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी अपना परचम लहरा रहे हैं। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की कार्यकुशलता की जमकर सराहना की। पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी और डॉ. सुनीता मुखर्जी ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि “आज के यही छात्र कल के हिंदुस्तान के कर्णधार साबित होंगे। इन्हीं युवा हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित है।” वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास में आरएमएस (RMS) का योगदान समाज के लिए बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक है।
छात्रों ने प्रस्तूत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस भव्य समारोह को सफल बनाने में राजस्थान मैत्री संघ का पूरा सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा भव्य एवं बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें नृत्य, संगीत एवं वाद्य यंत्रों का आकर्षक समावेश रहा। स्कूल प्रबंधन द्वारा सभी कलाकारों का हौसला अफजाई की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संघ के अध्यक्ष संजय केडिया के अलावा उपाध्यक्ष मनीष जैन और कुमुद अग्रवाल, सचिव सुशील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजीव बधान, सहायक सचिव वंदना जैन और चंदन काउंटिया मौजूद रहे। इसके साथ ही ट्रस्टीगण रमेश अग्रवाल, एम पी अग्रवाल, एस एस गाड़िया, दीपक डोकानिया और एकेडमिक डेवलपमेंट काउंसिल के सदस्य विजय तुलस्यान, दीपाली डोकानिया और बबीता केडिया आदि ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर स्कूल के विकास में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आरटीआई कार्यकर्ता संघ की बैठक में सूचना आयुक्त की नियुक्ति में राजनीतिक दखलअंदाजी की आलोचना, राज्यपाल से शिकायत का निर्णय



















































