जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश स्तर के नेता पप्पू सिंह को सरेआम गोली मारने की धमकी दी गई. घटना बिष्टुपुर राम मंदिर के पास की है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश युवा जदयू के महासचिव पप्पू सिंह अपने सहयोगियों के साथ एक बार के समीप खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान मोनू चौधरी नामक युवक वहां पहुंचा और कथित रूप से नशे की हालत में बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर वह पप्पू सिंह से उलझ गया और उन्हें जान से मारने तथा गोली मारने की धमकी देने लगा. घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आरोपी का व्यवहार काफी आक्रामक था. हंगामा बढ़ता देख जदयू नेता नीरज सिंह और अन्य कार्यकर्ता वहां पहुंचे. इसके बाद स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया और बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार मोनू चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुख्यात अपराधी भीम कामत का सहयोगी बताया जा रहा है, जो वीरे हत्याकांड में सजायाफ्ता है. घटना के बाद बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता बिष्टुपुर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. जदयू नेता नीरज सिंह ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस गंभीर मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई जा रही है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी














































