पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विकास और शिक्षा के प्रसार के लिए भी लगातार कार्य करती है : सिंगला
झाड़ग्राम : समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने एक मानवीय पहल की। इसी क्रम में बेलपहाड़ी थाना की पहल पर शुक्रवार को वेलियाडीहा ग्राम पंचायत के धूलिया प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी और मच्छरदानी का वितरण किया गया। इस अवसर पर झाड़ग्राम जिले के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला (आईपीएस) ने धूलिया प्राथमिक विद्यालय में “दिशा कोचिंग सेंटर” का उद्घाटन किया। इस कोचिंग सेंटर के माध्यम से कक्षा 1 से 7 तक के विद्यार्थियों के लिए नियमित पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए विशेष कोचिंग की भी पहल की गई है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कॉपी और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने “बाल विवाह बंद करें” और “अब शादी नहीं” जैसे संदेश लिखे प्लेकार्ड हाथ में लेकर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया और समाज में इस कुप्रथा को रोकने का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विकास और शिक्षा के प्रसार के लिए भी लगातार कार्य करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी और समाज में जागरूकता भी फैलेगी। कार्यक्रम में झाड़ग्राम जिला पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) गुलाम सरवर, बेलपहाड़ी के एसडीपीओ अयन साधु, बेलपहाड़ी थाना के आईसी स्वरुप मुख़र्जी सहित पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी और स्थानीय निवासी उपस्थित थे। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र के लोग काफी खुश नजर आए।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : जिले में LPG की आपूर्ति सामान्य व निर्बाध, लोगों को PANIC से बचने की डीएम ने की अपील, कंट्रोल रूम खुला