पोटका: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा अब बस दो दिन दूर है, लेकिन पोटका प्रखंड के कई छठ घाटों की सफाई अब तक नहीं हो पाई है। इससे छठ व्रतियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
![]()
हाता, हल्दीपोखर समेत आसपास के इलाकों में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पर्व मनाने पहुंचते हैं। लेकिन इस बार कई घाटों पर गंदगी फैली हुई है और सड़कों की हालत भी काफी खराब है। जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
![]()
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि ओम गुप्ता, रतन सोनकर और कृष्ण गुप्ता ने बताया कि प्रशासन की ओर से अब तक न तो घाटों का निरीक्षण किया गया है और न ही सफाई की कोई ठोस कार्रवाई शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि दो दिन बाद छठ पूजा शुरू होनी है, लेकिन तालाबों में शराब की बोतलें तक तैर रही हैं।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है ताकि छठ व्रती श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर सकें। लोगों ने उम्मीद जताई है कि समय रहते घाटों की सफाई और व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी।