रामगढ़: स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष, रामगढ़ में उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिले के सभी प्रमुख स्वास्थ्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
साफ-सफाई, संस्थागत प्रसव और रेफरल नीति पर विशेष निर्देश
बैठक की शुरुआत में सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। उपायुक्त ने समीक्षा करते हुए कहा कि सदर अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधा की स्थिति बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी सरकारी चिकित्सक द्वारा मरीज को निजी अस्पताल में रेफर कर स्वयं इलाज करने का मामला सामने आता है, तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।
आयुष्मान भारत योजना पर जोर, योग्य मरीजों को मिले लाभ
उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि योजना का संचालन प्रभावी ढंग से किया जाए ताकि प्रत्येक पात्र मरीज को लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में कोई कोताही न हो।
मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
बैठक में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच समय पर सुनिश्चित करने और हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाए और प्रसव के दौरान किसी भी मृत्यु की गंभीरता से जांच हो। उन्होंने ऐसे मामलों में ऑटोप्सी रिपोर्ट अनिवार्य करने को भी कहा।
साथ ही, 24×7 आकस्मिक सेवाओं के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
कुपोषित बच्चों के इलाज के लिए समन्वित प्रयास की जरूरत
कुपोषण की स्थिति पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने एमटीसी केंद्रों (Malnutrition Treatment Centre) की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय कर कुपोषित बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ब्लड बैंक और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा
बैठक के अंत में ब्लड बैंक, इमरजेंसी सेवाएं, प्राथमिक सुविधाएं, और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि हर मरीज को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवा उपलब्ध होनी चाहिए।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में उप विकास आयुक्त रोबिन टोप्पो, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारीगण और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh: नाइट शिफ्ट के दौरान हुआ हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आए CCL कर्मी
There is no ads to display, Please add some



















































