बोकारो: बोकारो जिले के गोमिया थाना अंतर्गत बिरहोरडेहरा जंगल में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. सुबह लगभग 5.30 बजे शुरू हुई इस झड़प में दो माओवादी मारे गए, जबकि CRPF कोबरा बटालियन का एक जवान शहीद हो गया.
बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक क्रांति कुमार गडिदेसी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोरडेरा के घने जंगलों में हुई गोलीबारी में सुरक्षाबलों ने 25 लाख के इनामी नक्सली कुंवर मांझी सहित दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए है। . वहीं, बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज़ कर दिया गया है.
बलिदान देने वाला जवान था असम का वीर सपूत
शहीद जवान की पहचान असम के कोकराझार जिले के पर्नेश्वर कोच के रूप में हुई है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मां भारती का लाल पर्नेश्वर कोच नक्सलियों से मुकाबला करते हुए शहीद हो गया. पूरा असम उनके इस बलिदान को नमन करता है.”
सरमा ने यह भी आश्वस्त किया कि राज्य सरकार शहीद के परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी और उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. उन्होंने कहा, “हमारे सुरक्षा बल नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए पूरी ताकत के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं.”
अभियान जारी, जंगल में तैनात है सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस को संदेह है कि कुछ अन्य नक्सली अभी भी आसपास के जंगलों में छिपे हो सकते हैं. जंगल का इलाका दुर्गम और घना है, जिससे ऑपरेशन को चुनौतीपूर्ण बना देता है.
इसे भी पढ़ें : Sona Murder Case: इश्क़ में अंधी मां ने बड़ी बेरहमी से ली बेटी की जान, 36 घंटे तक छुपाया शव – लग चुके थे कीड़े