पोटका: टाटा हाता मेन रोड स्थित डेटन इंटरनेशनल स्कूल, तेतला में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। बच्चों ने मंच के जरिए समाज को कई प्रेरक संदेश दिए और अपनी अदाकारी से अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत झंडोत्तोलन और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद छात्रों ने नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिनमें समाज में फैली बुराइयों को खत्म करने और एक खुशहाल जीवन जीने का संदेश था।
बच्चों ने मोबाइल के दुरुपयोग और सदुपयोग पर शानदार अभिनय किया, जिसने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं, “अनेकता में एकता” का संदेश देते हुए छात्रों ने रोल प्ले भी किया।
कार्यक्रम में सिद्धो-कान्हू और फूलो-झानो के रूप में सजे बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम की कहानियां जीवंत कर दीं। आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता के विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि जीरेन जेवियर टोपनो (हेड, ट्राइबल कल्चरल सोसाइटी, टाटा स्टील) ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का स्कूल बच्चों के लिए वरदान है। यहां की प्रतिभा शहर के बच्चों से कम नहीं है। उन्होंने स्कूल के शिक्षा और खेलकूद में संतुलित प्रयासों की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथियों में बहालेन चांपिया, जयपाल सिरका, ग्राम प्रधान शत्रुघ्न सरदार, वाइस प्रेसिडेंट बैद्यनाथ मांडी, सचिव बसंत तिर्की, प्रभारी मुनमुन तिर्की सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
इसे भी पढ़ें : Tara Public School ने निकाली प्रभात फेरी, विशेष झांकी ने खींचा ध्यान