
लातेहार: झारखंड जनमुक्ति परिषद (JJMP) के 9 नक्सलियों ने सोमवार को लातेहार समाहरणालय सभागार में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें संगठन का सुप्रीमो और 5 लाख का इनामी रविंद्र यादव, सब-जोनल कमांडर अखिलेश यादव, बलदेव गंझु, मुकेश राम, 3 लाख का इनामी पवन उर्फ राम प्रसाद महतो, एरिया कमांडर राजू राम, विजय यादव, श्रवण सिंह और मुकेश गंझु शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 5 एके-47 राइफल, 7 अन्य राइफलें और 1800 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद किए।
समारोह में सीआरपीएफ के महानिरीक्षक (IG) साकेत कुमार सिंह, अभियान IG माइकल राज एस, पलामू IG सुनील भास्कर, डीआईजी नौशाद आलम, SSB के डीआईजी मानवेंद्र और लातेहार एसपी कुमार गौरव मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नक्सलियों को माला और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
IG साकेत कुमार सिंह ने कहा कि यह सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने साफ किया कि अब जो नक्सली सक्रिय हैं, उनके पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। अभियान IG माइकल राज ने कहा कि नक्सलियों को सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाना चाहिए, वरना वे पुलिस कार्रवाई में मारे जाएंगे।
अधिकारियों ने इसे झारखंड की अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी बताया, जहां एक ही दिन इतनी संख्या में नक्सलियों ने हथियार डाले। उन्होंने इसे नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई में ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: पटना में गरजे CM हेमंत सोरेन, बोले – धनबल से लोकतंत्र को कमजोर कर रही BJP