जमशेदपुर: जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों पर जांचोपरांत न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. फरियादियों ने शिक्षा, कानून, पेंशन, नियोजन और सामाजिक योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. प्रस्तुत शिकायतों में केंद्रीय विद्यालय में नामांकन, थाने द्वारा एफआईआर दर्ज न करने, चौकीदार नियुक्ति से जुड़ी जानकारी, जिम विवाद, निजी विद्यालयों में प्रवेश, वृद्धावस्था पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति, लंबित वेतन भुगतान, भूमि विवाद, दुकान आवंटन, सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा, मइंया सम्मान योजना की राशि डीबीटी न होना, दहेज प्रताड़ना, आवास योजना का लाभ और सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं.
कुछ मामलों में तत्काल समाधान, अन्य भेजे गए संबंधित विभाग को
उपायुक्त अनन्य मित्तल ने फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर ध्यानपूर्वक सुनीं. कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लेकर समस्या का समाधान किया गया. वहीं अन्य मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जनता दरबार के आयोजन को नागरिकों ने एक भरोसेमंद मंच के रूप में देखा. जहां उनकी बातों को सुना गया और त्वरित प्रतिक्रिया मिली. प्रशासन की यह पहल जनसेवा को धरातल पर लाने का सार्थक प्रयास मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : Deoghar : डीसी के निर्देश पर कुष्ठ आश्रम में शौचालय और पानी टंकी का कराया गया निर्माण
















































