जमशेदपुर : जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित शिकायतों के निष्पादन, नशे और अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ आगामी त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने पुलिस की कार्रवाई और उपलब्धियों की जानकारी दी।
एसएसपी ने बताया कि पिछले दो महीनों के दौरान पुलिस को प्राप्त शिकायतों में करीब 99 प्रतिशत शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं घरेलू हिंसा से संबंधित कुल 661 मामलों में 558 मामलों का निष्पादन किया गया है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी एसएसपी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और अब तक 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इसी तरह अवैध हथियार के मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 हथियार जब्त किए हैं, जबकि इस मामले में 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
300 नए CCTV कैमरों से बढ़ेगी निगरानी
शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अब सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी में है। एसएसपी ने बताया कि शहर में पहले से लगे कैमरों के अलावा 300 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे संवेदनशील इलाकों और प्रमुख स्थानों पर निगरानी व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराध की घटनाओं की निगरानी और जांच में भी मदद मिलेगी।
त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट
आगामी त्योहारों को देखते हुए भी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसएसपी ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और निगरानी को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जमशेदपुर पुलिस का फोकस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, नशे और अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई तथा त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : खनन विभाग ने कोवाली में 500 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त किया, ओडिशा से लाया जा रहा था
There is no ads to display, Please add some

















































