जमशेदपुर : शहर और जिले के लोगों को अब अपनी जनसमस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान की दिशा में नई पहल करते हुए ‘अबुआ मित्र’ WhatsApp आधारित चैटबोट सेवा शुरू की है। जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने इस सेवा का शुभारंभ किया।
इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से 8580090001 WhatsApp नंबर जारी किया गया है। अब नागरिक अपने मोबाइल फोन से इस नंबर पर WhatsApp के माध्यम से संपर्क कर अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करा सकेंगे। सेवा को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, ताकि आम लोगों को शिकायत दर्ज कराने में किसी तरह की परेशानी न हो।
अपनी भाषा में दर्ज करा सकेंगे शिकायत
‘अबुआ मित्र’ के माध्यम से नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर सकेंगे। शिकायत से संबंधित आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर संबंधित दस्तावेज भी WhatsApp के माध्यम से भेजे जा सकेंगे। इससे लोगों को आवेदन या शिकायत लेकर अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
जन सहायता JSR पोर्टल से जुड़ेगी शिकायत
WhatsApp के जरिए प्राप्त होने वाली शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता JSR पोर्टल से जोड़ा जाएगा। शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी पूरी जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाएगी। शिकायत की प्रकृति के आधार पर उसे संबंधित विभाग, कार्यालय या सक्षम प्राधिकरण को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
इसके बाद संबंधित विभाग द्वारा शिकायत के अनुश्रवण, फॉलोअप और निवारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।
SMS से मिलेगी शिकायत की स्थिति की जानकारी
‘अबुआ मित्र’ सेवा की सबसे महत्वपूर्ण सुविधा यह है कि शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत की प्रगति जानने के लिए बार-बार संबंधित कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। शिकायत की स्थिति और कार्रवाई से संबंधित जानकारी नागरिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से अलग-अलग चरणों में भेजी जाएगी।
जिला प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों को जनसमस्याओं की शिकायत दर्ज कराने में सुविधा मिलने के साथ-साथ शिकायत निवारण व्यवस्था में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही भी मजबूत होने की उम्मीद है। यह सेवा प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : शहर में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंताजनक, रोकने की दिशा में कदम उठाए पुलिस-प्रशासन : महेंद्र पांडेय
There is no ads to display, Please add some

















































