जमशेदपुर: जिले में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति नागरिकों को सजग करने के उद्देश्य से केन्द्रीय विद्यालय, परसुडीह में अग्निशमन विभाग द्वारा एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस अभ्यास के दौरान छात्रों और शिक्षकों को यह सिखाया गया कि आग लगने की स्थिति में तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए.
उन्हें अग्निशमन यंत्रों के सही प्रयोग, सुरक्षित निकासी के उपायों और त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई. इसका प्रमुख उद्देश्य छात्रों व विद्यालय कर्मियों में सतर्कता और आत्मविश्वास का विकास करना था ताकि आपातकालीन स्थिति में वे घबराए नहीं, बल्कि समझदारी से स्थिति को संभाल सकें.
पेट्रोल पंप परिसरों में भी चला जागरूकता अभियान
इसी कड़ी में अग्निशमन विभाग की टीम ने भारत पेट्रोलियम (सिदगोड़ा), भारत पेट्रोलियम (टेल्को), सूरज ऑटोमोबाइल (टेल्को), इंडियन ऑयल (गोलमुरी) और ऑटो सर्विस (हिंदुस्तान पेट्रोलियम, गोलमुरी) जैसे पेट्रोल पंप परिसरों में भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया.
इन प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में धैर्य बनाए रखने, प्राथमिक सुरक्षा उपकरणों का सही उपयोग करने तथा आग को नियंत्रित करने के उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी गई. साथ ही यह भी बताया गया कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि जीवन रक्षक अभ्यास है.
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्कूलों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए.
प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी नागरिक, चाहे वह छात्र हो, कर्मचारी हो या सामान्य व्यक्ति—आपदा की स्थिति में प्राथमिक स्तर पर तैयार रहे.
इसे भी पढ़ें : Deoghar Shravani Mela 2025: शिवगंगा और बाबा मंदिर में NDRF तैनात, 24×7 एक्टिव मोड में काम करने का निर्देश
There is no ads to display, Please add some


















































