झाड़ग्राम: झाड़ग्राम जिले के बेलियाबेड़ा थाना पुलिस ने शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी का प्रयास नाकाम कर दिया। पुलिस ने सात गायों को सुरक्षित छुड़ाया और एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र के आंबी इलाके में हुई, जो लंबे समय से गौ तस्करी की घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है।
![]()
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप वैन में गायों की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही बेलियाबेड़ा थाने के प्रभारी नीलू मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आंबी क्षेत्र में नाकाबंदी की। वैन को रोककर जांच की गई, जिसमें सात गायें बरामद की गईं। वैन चालक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने वैन जब्त कर ली और चालक परितोष खिलारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र के तेंतुलिया गांव का रहने वाला है।
रविवार को परितोष को झाड़ग्राम जिला अदालत में पेश किया गया, जहाँ न्यायाधीश ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने गौ तस्करी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों को शक है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह भी हो सकता है। झाड़ग्राम जिला पुलिस के एएसपी (मुख्यालय) सैयद मोहम्मद ममदुल्ला हसन ने कहा कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई और आगे भी ऐसे मामलों पर सख्ती जारी रहेगी।
बेलियाबेड़ा थाना पुलिस पहले भी गौ तस्करी की कई कोशिशों को विफल कर चुकी है। इस बार भी उनकी तत्परता से सात गायों को बचा लिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की, लेकिन साथ ही यह मांग भी की कि गौ तस्करी के पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गायों को कहाँ ले जाया जा रहा था और इस तस्करी का असली मकसद क्या था। इसके लिए पुलिस स्थानीय लोगों और गुप्त सूत्रों की मदद ले रही है।
इसे भी पढ़ें : Bihar: तेजस्वी का दावा या गलती? EPIC नंबर पर मचा बवाल – चुनाव आयोग ने मांगा जवाब