जमशेदपुर: गणेश चतुर्थी का पर्व हर साल पूरे देश में उल्लास और भक्ति के साथ मनाया जाता है। महाराष्ट्र में यह त्योहार भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में दस दिनों तक चलता है। घर-घर और पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना होती है।
इस साल कब है गणेश चतुर्थी?
हिंदू पंचांग के अनुसार भाद्रपद मास की चतुर्थी तिथि 26 अगस्त 2025 को दोपहर 01:54 बजे शुरू होगी और 27 अगस्त को दोपहर 03:44 बजे तक रहेगी। इस आधार पर गणेश चतुर्थी का पर्व 27 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। इसी दिन गणेश प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।
शुभ मुहूर्त
गणेश जी की स्थापना का सबसे शुभ समय मध्याह्न माना गया है, क्योंकि इसी समय उनका जन्म हुआ था।
गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त: सुबह 11:05 बजे से दोपहर 01:40 बजे तक (27 अगस्त 2025)
गणेश स्थापना पूजा विधि
सबसे पहले पूजा स्थल को साफ कर फूलों, रंगोली और दीपकों से सजाएं।
शुभ मुहूर्त में लाल या पीले वस्त्र पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें।
जल, फूल और चावल हाथ में लेकर व्रत या पूजा का संकल्प लें।
‘ॐ गं गणपतये नमः’ मंत्र का जाप करते हुए भगवान गणेश का आह्वान करें।
प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराकर नए वस्त्र और आभूषण पहनाएं।
भोग के रूप में मोदक और लड्डू अर्पित करें, साथ ही दूर्वा घास, लाल फूल और सिंदूर भी चढ़ाएं।
परिवार के साथ मिलकर गणपति बप्पा की आरती करें।
माना जाता है कि गणेश चतुर्थी पर विधिपूर्वक पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और सभी विघ्न दूर होते हैं। गणपति बप्पा को ‘विघ्नहर्ता’ और ‘सुखकर्ता-दुखहर्ता’ कहा जाता है, इसलिए भक्त पूरे श्रद्धा भाव से उनका स्वागत करते हैं।
There is no ads to display, Please add some



















































