झाड़ग्राम: लंबे इंतजार के बाद झाड़ग्राम के लोधाशुली से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए नई निजी बस सेवा की शुरुआत रविवार को की गई। लोधाशुली बस स्टैंड पर फीता काटकर, नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर बस सेवा को रवाना किया गया। इस मौके पर जिला आरटीए बोर्ड के सदस्य अनूप महतो, पूर्व मंत्री चुडामणि महतो, कुर्मी बोर्ड के उपाध्यक्ष रथिन महतो, झाड़ग्राम जिला बस एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप पाल, पंचायत समिति अध्यक्ष देवव्रत साहा और समाजसेवी नरेन महतो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह बस सेवा झाड़ग्राम और आसपास के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है। अब यात्रियों को महंगे किराए पर निजी वाहन बुक करने की जरूरत नहीं होगी।
बस लोधाशुली से चलकर गअलमारा, रगाडा, रोहिणी, कुल्टीकरी, केशियाडी और बेलदा होते हुए भुवनेश्वर पहुंचेगी।
जिला आरटीए बोर्ड के सदस्य अनूप महतो ने बताया कि पहले ही दिन बस यात्रियों से पूरी तरह भरी रही। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हमेशा आम लोगों की सुविधा के लिए काम करती हैं। यह बस सेवा उसी का एक उदाहरण है।”
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल यात्रा आसान होगी बल्कि इलाज और पर्यटन के लिए भुवनेश्वर तक पहुंचना भी सस्ता और सुविधाजनक हो जाएगा। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में और नई बस सेवाएं भी शुरू होंगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: रंकिणी मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, विकास समिति ने प्रशासन से लगाई गुहार
There is no ads to display, Please add some


















































