जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक नौ वर्षीय बच्ची के साथ घिनौनी हरकत का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार सिंह, निवासी भालूबासा चौक के पास और पेशे से घाघीडीह जेल में कक्षपाल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर तीन मंजिला इमारत की छत पर ले जाकर अशोभनीय कृत्य किया। जब बच्ची शाम को घर लौटी, तो परिजनों को उसकी हालत देखकर संदेह हुआ।
परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी संजय कुमार सिंह बच्ची के साथ जाते हुए नजर आया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसके फ्लैट पहुंचे और उसे पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, वहीं उसकी पत्नी को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। लोगों ने पुलिस जीप पर पथराव कर दिया और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। किसी तरह पुलिस ने आरोपी दंपती को भीड़ से निकालकर थाने ले जाकर सुरक्षित हिरासत में लिया।
पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट था। परिजन पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास पहुंचे और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। रघुवर दास के निर्देश के बाद सिटी एसपी कुमार शिवाशिष और डीएसपी भोला प्रसाद सिंह थाने पहुंचे और जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाने का आदेश दिया।
पुलिस ने बच्ची के परिवार की शिकायत पर आरोपी संजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण बुधवार को एमजीएम अस्पताल में कराया जाएगा। इसके साथ ही न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: मैरिन ड्राइव पर हादसा, बाइक सवार की डिवाइडर से टकराकर मौत




















































