गुवा : बड़ाजामदा बाजार में दो मोबाइल दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा कर दिया है। इस संबंध में बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि दिनांक 11 अप्रैल 2026 को दर्ज मामले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों नाबालिग बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के बोकना गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने इन्हें बोकना गांव के जंगल से पकड़ा। गिरफ्तार नाबालिगों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इस मामले में बड़ाजामदा थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह, चाईबासा भेज दिया है।
ज्ञात हो कि 10 अप्रैल की मध्य रात्रि को बड़ाजामदा बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस घटना की लिखित शिकायत 11 अप्रैल को दुकानदारों द्वारा थाना में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन मामले का खुलासा कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है, वहीं पुलिस की सक्रियता की सराहना भी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Gua : महिला श्रमिकों की अनदेखी पर भड़का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी



















































