- आरआईटी थाना पुलिस ने इच्छापुर लाइन टोला में चलाए छापेमारी अभियान में पकड़ा आरोपी
- गुप्त सूचना के आधार पर विशेष कार्रवाई
आदित्यपुर : आदित्यपुर इलाके में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरआईटी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को पुलिस ने इच्छापुर के लाइन टोला क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक को अवैध हथियार और संदिग्ध उपकरणों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान स्थानीय निवासी अनिल सरदार उर्फ गोरे के रूप में हुई है। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ समीर कुमार सर्वैया ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि युवक हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने कारोबारी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण का किया उद्भेदन, 6 अपराधी गिरफ्तार
हथियार और संदिग्ध उपकरण बरामद, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
तलाशी के दौरान अनिल सरदार के पास से एक पिस्तौल (देसी कट्टा), दो जीपीएस सिस्टम और दो डेटोनेटर बॉक्स बरामद किए गए। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ आरआईटी थाने में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि आरोपी इन उपकरणों का उपयोग किस उद्देश्य से करने वाला था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। प्रेस वार्ता में अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे और उन्होंने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि इलाके में अपराध को नियंत्रित किया जा सके।