गुवा: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ गुवा, बड़ाजामदा और किरीबुरू क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। सुबह छठव्रती महिलाओं ने गुवा के कुसुम घाट स्थित कारो नदी में स्नान कर पवित्र जल ग्रहण किया और घर लौटकर लौकी-भात का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ छठ पर्व का शुभारंभ हुआ।
आगे का पूजन क्रम
रविवार को व्रतियों द्वारा खरना पूजा की जाएगी, जिसमें पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को खीर-पूरी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा।
सोमवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।
गंगा आरती की विशेष तैयारी
गुवा के कुसुम घाट छठ स्थल पर समाजसेवी गोविंद पाठक और हेमराज सोनार के सहयोग से, तथा गुवा सेल प्रबंधन की सहायता से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस आरती को विशेष बनाने के लिए बनारस से पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है। दीपों की लौ और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से भर जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस विशेष आयोजन को लेकर भारी उत्साह है। गंगा आरती का आयोजन सोमवार की संध्या और मंगलवार की सुबह उगते सूर्य के समय किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: छठ महापर्व पर JDU ने की हेलमेट चेकिंग पर रोक लगाने की मांग, कहा हो रही परेशानी















































