चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 12 साल की एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार के आरोप में बीते शनिवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब बच्ची स्थानीय मेले में शामिल होने के बाद तड़के करीब तीन बजे घर लौट रही थी।
जगन्नाथपुर अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी राफेल मुर्मू ने बताया कि कुल पांच आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। गिरफ्तारी किए गए आरोपियों की उम्र 28 से 30 साल के बीच है और इनमें से कुछ शादीशुदा हैं।
घटना के बाद पीड़िता को चाईबासा सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल में रेफर किया गया। यहां डालसा पीएलवी नागेन्द्र कुमार की सहायता से उसका इलाज चल रहा है। पुलिस और डॉक्टरों की निगरानी में पीड़िता की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।















































