चाईबासा: रामनवमी पर्व को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है. आज जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कुलदीप चौधरी और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने चाईबासा शहर का दौरा कर विभिन्न चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया.
गणेश मंदिर चौक से पुलहातु चौक तक पैदल मार्च
उच्चाधिकारियों ने गणेश मंदिर चौक से हिंद चौक, कुम्हार टोली, पुलहातु चौक होते हुए मुफ्फसिल थाना चौक तक पैदल मार्च कर जुलूस मार्ग का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर बैरिकेटिंग को मजबूत करने, सफाई व्यवस्था बेहतर करने और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए.
ड्रोन और छतों से निगरानी, हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर
उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु अनुमंडल और क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ निरंतर संवाद किया जा रहा है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें और सभी गतिविधियों पर नजर रखें.
जुलूस मार्ग की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है. मार्ग में आने वाले मकानों की छतों पर भी विशेष निगेहबानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को समय रहते रोका जा सके.
हर चौक-चौराहे पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
रामनवमी पर्व के दौरान जिले भर के प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है. सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों की निगरानी भी की जा रही है ताकि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन हर सूचना पर त्वरित संज्ञान ले रहा है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रामनवमी पर्व को सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए.
इसे भी पढ़ें : Saraikela: रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए गांवों में निकाला गया फ्लैग मार्च




















































