देवघर: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के अठमोरिया लकड़ीगंज गांव में दो दिन पहले हुई राजेंद्र पासी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में जेलु पासी उर्फ जितेंद्र महथा, पवन महथा, अरविंद महथा और सुधीर महथा शामिल हैं. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्टल, चार खोखा और एक वाहन भी जब्त किया है. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
हत्या की घटना
राजेंद्र पासी गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें सिर में गोली मार दी. इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर गए, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. यह घटना शादी समारोह से मात्र 500 गज की दूरी पर हुई थी. मृतक लकड़ीगंज गांव के निवासी थे. मृतक के भाई इस घटना के चश्मदीद गवाह हैं.
इसे भी पढ़ें : Adityapur: अपराध की योजना बनाते कुख्यात छोटू राम सहित आठ अपराधियों की गिरफ्तारी, हथियार बरामद




















































