सरायकेला: सरायकेला स्थित कुमार विजय प्रताप सिंहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया.
प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति उत्साहित करना और उनके प्रायोगिक कौशल को उभारना था. विद्यालय के प्रधानाध्यापक नारायण कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक उपयोगिता की समझ विकसित होती है. एक सप्ताह पूर्व से ही विद्यालय के विज्ञान शिक्षक इसकी तैयारी में जुटे थे.
विद्यार्थियों ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वेस्ट मैनेजमेंट, ऊर्जा के स्रोतों का रूपांतरण, दैनिक जीवन में विज्ञान की भूमिका जैसे विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए. कुछ विद्यार्थियों ने गणितीय विषयों पर भी रोचक प्रदर्शन किया.

निर्णायक मंडली में विज्ञान शिक्षक बच्चू पाल और कौशलाधीश कुमार मांझी शामिल रहे, जिन्होंने प्रदर्शों का गहराई से अवलोकन कर बच्चों से संवाद किया.
प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार प्लास्टिक मैनेजमेंट विषय पर आधारित मॉडल को मिला, जिसे खुशी साहू, अमृता साव, सलोनी मंडल, अदिति मोहंती और तनीषा साहू ने मिलकर तैयार किया था. द्वितीय स्थान पर स्टेट एंड कैपिटल डिटेक्टर प्रोजेक्ट रहा, जिसे राजलक्ष्मी कुमारी, हंसिका भगत और श्रेया सतपति ने बनाया. वहीं तृतीय पुरस्कार रितिका सिंह को स्प्रिंकलर इरिगेशन सिस्टम पर आधारित मॉडल के लिए दिया गया.
कार्यक्रम में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार, मनोरंजन कुमार, विजय कुमार महतो, शिव पद महतो समेत अन्य शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षकेत्तरकर्मी मौजूद रहे. प्रदर्शनी ने बच्चों में नवाचार और टीमवर्क की भावना को मजबूत किया.
इसे भी पढ़ें : Chaibasa: क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में चमका DAV चिड़िया का सितारा, बटोरे दर्जनों पदक
There is no ads to display, Please add some



















































