जमशेदपुर: टूइलाडूंगरी शीतल मंदिर के पास शुक्रवार रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। टूइलाडूंगरी निवासी रवि खेड़ा उर्फ़ रविंदर सिंह के घर पर फायरिंग करने के आरोपी रिंकू को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के कर गिरफ्तार कर लिया है। रिंकू के निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया है। बरामद हथियार को अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
घटना के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम रिंकू अपने साथी सागर के साथ रवि के घर पहुंचा और कथित रूप से घर में जबरन घुसने का प्रयास किया। इस दौरान रवि के भाई ने दोनों को रोकने की कोशिश की। इसके बाद रिंकू और सागर ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
थोड़ी देर बाद सागर को गोली लगने की सूचना मिली और उसे गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सागर ने बयान दिया कि उसे रवि ने गोली मारी, लेकिन पुलिस ने इसे संदिग्ध पाया। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि सागर को गोली किसने और किस परिस्थिति में मारी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले सबूत और सागर के बयान की गहन जांच जारी है। रिंकू से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले में आधिकारिक तौर पर बयान देने से बच रही है.
इसे भी पढ़ें : Saraikela: गुप्त सूचना के आधार पर कपाली पुलिस की बड़ी सफलता, 81 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों पकड़ाया तस्कर















































