जमशेदपुर: गोविंदपुर के यशोदा नगर स्थित श्री बजरंग एवं माई स्थान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन श्रद्धा और आस्था से परिपूर्ण कलश यात्रा का आयोजन किया गया. यह यात्रा गाजे-बाजे, घोड़ों एवं राम दरबार की झांकी के साथ निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं एवं युवतियों ने मलयांता घाट से पवित्र जल भरकर मंदिर प्रांगण में स्थापित किया.
श्रद्धा से सराबोर कलश यात्रा
यशोदा नगर के श्री बजरंग एवं माई स्थान मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा गोविंदपुर हॉल्ट तक पहुंची, जहां से श्रद्धालु बस, कार एवं बाइक द्वारा मलयांता घाट की ओर रवाना हुए. घाट से एक किलोमीटर पहले सभी वाहन छोड़कर श्रद्धालु नंगे पांव पदयात्रा करते हुए पवित्र जल भरने पहुंचे. पूजा-अर्चना के पश्चात कलश लेकर पुनः मंदिर प्रांगण तक यात्रा पूरी की गई.
भक्ति की झांकी में राम दरबार की सजीव प्रस्तुति
इस आयोजन में अमित साहू की टीम द्वारा राम, लक्ष्मण, सीता एवं हनुमान की भूमिका निभाई गई. श्रद्धालुओं की कलश यात्रा में उत्सुकता और बढ़ गई जब उन्होंने राम दरबार की जीवंत झांकी के साथ सेल्फी ली.
भव्य आयोजन में विशेष अतिथियों की उपस्थिति
इस पावन अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, वर्तमान परिषद सदस्य परितोष सिंह, भाजपा नेता अर्जुन कुमार, नवल किशोर पासवान, विमल बैठा, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री ज्ञान पांडे, पंचायत समिति सदस्य विश्वजीत, समाजसेवी तारणी गोप सहित मंदिर कमेटी के महेंद्र शाह, शेखर वर्मा, झुना सिंह, विमल सिंह, राकेश रजक, कृष्ण तिवारी, अनिल सिंह, वीरेंद्र दुबे, वीरेंद्र पाठक, मदन शाह, मनोज कुमार, संतोष कुमार, देवचंद, बैजू सिंह एवं अरविंद सिंह उपस्थित रहे.
श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर “बजरंगबली की जय” एवं “माता रानी की जय” के नारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. यह भव्य आयोजन श्री बजरंग एवं माई स्थान मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की भव्य शुरुआत का प्रतीक बन गया.
इसे भी पढ़ें : Chaibasa: झामुमो केंद्रीय महाधिवेशन की तैयारी तेज, 5 अप्रैल को जिला समिति की अहम बैठक




















































