जमशेदपुर: उरांव बस्ती में नशे के धुत युवकों के बीच हुआ झगड़ा अचानक खूनी रूप ले बैठा। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. जानकारी के अनुसार, गोलू तिर्की अपने घर में 3-4 दोस्तों के साथ ब्राउन शुगर का सेवन कर रहा था। नशे की हालत में एक साधारण मोबाइल फोन को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामूली विवाद जल्द ही हिंसा में बदल गया।
विवाद बढ़ने पर गोलू तिर्की ने धारदार चाकू से अपने साथी राजा लोहार पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। वह किसी तरह जान बचाकर सीतारामडेरा थाना पहुँचा और पुलिस को पूरी घटना बताई।
पीड़ित राजा लोहार ने बताया कि उरांव बस्ती में लंबे समय से ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों का धंधा चल रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस वजह से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी गोलू तिर्की और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि उरांव बस्ती में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और छापेमारी अभियान चलाया जाए, ताकि नशे और हिंसा की घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच तेज की जाएगी और दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
इसे भी पढ़ें :




















































