- बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने आगे आए युवा, बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त
जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है और इसकी चपेट में अब छोटे-छोटे बच्चे भी आने लगे हैं। खासकर साकची थाना क्षेत्र के टीना शेड और मछली मार्केट के आसपास कुछ दुकानों में नशीले पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाइटनर जैसे नशीले पदार्थों को रुमाल में डालकर सूंघने की लत बच्चों में तेजी से फैल रही थी। इस स्थिति को देखते हुए शहर के युवाओं के एक समूह ने पहल करते हुए नशा बेचने वालों के खिलाफ अभियान शुरू किया। युवाओं ने बच्चों का पीछा कर नशा बेचने वालों की पहचान की और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू अस्पताल की रेफरल व्यवस्था पर सवाल, कर्मचारी की मौत के बाद खदान बंद
पुलिस और युवाओं की संयुक्त कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद पुलिस और युवाओं की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दो दुकानों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए, जिन्हें करीब तीन ऑटो में भरकर थाने ले जाया गया। पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पहल से स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है और युवाओं की सक्रियता की सराहना की जा रही है।