पोटका : क्षेत्र में नाबालिग बच्चों द्वारा धड़ल्ले से बाइक चलाने और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भाजपा नेत्री सह हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक के नाम पत्र सौंपकर इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि सरकारी और निजी विद्यालयों में कई नाबालिग छात्र बाइक से आ-जा रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है। हाल के दिनों में ट्रिपल सवारी करते हुए नाबालिगों के दुर्घटनाग्रस्त होने के कई मामले सामने आए हैं, जिसमें आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि इससे बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
देवी कुमारी भूमिज ने मांग की है कि ऐसे मामलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही जागरूकता अभियान चलाते हुए पहली बार पकड़े जाने पर चेतावनी दी जाए, लेकिन दोबारा उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के साथ-साथ उनके परिवारों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डीजीएम लाइब्रेरी से अब पंजीकृत सदस्य शुल्क जमा कर घर ले जा सकेंगे पुस्तकें, सदस्यता हेतु एकमुश्त पंजीकरण शुल्क निर्धारित



















































