रामगढ़: राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रामगढ़ जिले में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद ने की. इसका मुख्य उद्देश्य डेंगू जैसी जानलेवा बीमारी के खतरे, इसके लक्षणों, बचाव और नियंत्रण से संबंधित उपायों के प्रति जनसाधारण को जागरूक बनाना रहा.
डेंगू से बचाव के लिए सामुदायिक सहभागिता आवश्यक
कार्यक्रम में जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि डेंगू एक विषाणु जनित रोग है, जो संक्रमित मादा एडिस मच्छर के काटने से फैलता है. चूंकि इस बीमारी के लिए कोई वैक्सीन या विशिष्ट दवा उपलब्ध नहीं है, इसलिए इससे बचाव का एकमात्र तरीका जनजागरूकता और मच्छरों के प्रजनन स्थलों का नष्ट करना है.
सहियाओं ने निकाली जन-जागरूकता रैली
सिविल सर्जन परिसर से शहरी क्षेत्र की सहियाओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से आम लोगों को यह संदेश दिया गया कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्र को साफ रखें और पानी के जमाव से बचें.
कार्यक्रम के दौरान ली गई शपथ
सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में डेंगू की रोकथाम को लेकर सभी स्वास्थ्यकर्मियों, पदाधिकारियों और सहियाओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली. इस शपथ में यह संकल्प लिया गया कि हर स्तर पर स्वच्छता और जागरूकता के माध्यम से डेंगू पर नियंत्रण पाने के प्रयास किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : Ramgarh: दिल्ली में चुनावी प्रशिक्षण हेतु रामगढ़ से 25 सदस्यीय टीम रवाना

















































