जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंगनगर में देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। स्वर्गीय गणेश शर्मा के घर में घुसे चोरों ने लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में पांच मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात 1:30 बजे से 4 बजे के बीच की है। जब परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में गहरी नींद में सो रहे थे, उसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और अलमारी से कीमती सामान निकालकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली, तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत गोलमुरी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्वर्गीय गणेश शर्मा के पुत्र सुजीत शर्मा और रंजीत शर्मा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस घटना से पूरे बजरंगनगर इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
There is no ads to display, Please add some



















































