वृंदावन: क्रिकेट जगत से टेस्ट फॉर्मेट में विराट कोहली के संन्यास की घोषणा के ठीक एक दिन बाद, मंगलवार को विराट और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा वृंदावन पहुंचे. यह जोड़ा श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में लगभग साढ़े तीन घंटे तक रुका. वहां उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के साथ गहन संवाद किया.
वृंदावन से सामने आया वीडियो, आध्यात्मिक चर्चा में डूबे नजर आए विराट
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विराट और अनुष्का आश्रम परिसर में सादगी से बैठे दिख रहे हैं. दोनों प्रेमानंद महाराज के चरणों में आशीर्वाद लेते और ध्यानमग्न मुद्रा में वार्तालाप करते दिखाई दिए.
तीसरी बार प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे विराट-अनुष्का
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का महाराज के दर्शन को पहुंचे हों. विराट कोहली सबसे पहले 2023 में प्रेमानंद महाराज से मिले थे. इसके बाद जनवरी 2025 में भी यह कपल अपने बच्चों के साथ आशीर्वाद लेने वृंदावन आया था. अब यह तीसरी बार है जब दोनों संत के सान्निध्य में पहुंचे हैं.
अनुष्का ने विराट के रिटायरमेंट पर लिखा भावुक संदेश
सोमवार को विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के बाद अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की. उन्होंने लिखा–
“लोग रिकॉर्ड्स और मील के पत्थर की बात करेंगे, लेकिन मुझे वे आंसू याद रहेंगे जो तुमने कभी नहीं दिखाए. वो संघर्ष जो किसी ने नहीं देखा. और वह निःस्वार्थ प्रेम जो तुमने इस खेल को दिया. मैं जानती हूं कि इस सफर ने तुमसे बहुत कुछ लिया है.”
उन्होंने आगे लिखा–
“मैंने हमेशा कल्पना की थी कि तुम सफेद कपड़ों में क्रिकेट को अलविदा कहोगे. लेकिन तुमने हमेशा दिल की सुनी है, और इसीलिए मैं कह सकती हूं, माई लव– तुमने इस विदाई के हर पल को अर्जित किया है.”
इसे भी पढ़ें : TEST CRICKET : भावुक मन से विराट कोहली ने लिया संन्यास, वन-डे खेलते रहेंगे.




















































