गुवा: गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में पदस्थ उप डाकपाल विकास चंद्र कुलिला (46 वर्ष) को पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये की फर्जी निकासी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं के खाताधारकों की राशि का दुरुपयोग कर ऑनलाइन जुए और कसीनो ऐप में हार गया।
मामला 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है। इस दौरान आरोपी ने 50,56,473 रुपये की फर्जी निकासी की। डाक निरीक्षक सुमन कुमार सांमता ने शिकायत दर्ज कराई, जिस पर गुवा थाना कांड संख्या 34/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने निकासी की गई राशि का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन जुए के ऐप – डेल्टा एक्सचेंज और धूम 999 कसीनो पर गंवा दिया। इसके अलावा उसने स्थानीय जुआ स्थलों जैसे मुर्गा पाड़ा और हब्बा डब्बा में भी भारी रकम हारी। आरोपी के एसबीआई और डाकघर खातों की जांच में बड़े लेन-देन का प्रमाण मिला।
पश्चिम सिंहभूम पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपी को टुंगरी स्थित आवास से उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया।
गुवा थाना में अनुमंडल पदाधिकारी अजय केरकेट्टा और थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, विकास चंद्र कुलिला अच्छे परिवार से जुड़े थे, लेकिन गुवा के माहौल में जुआ और नशेड़ियों ने उन्हें गलत मार्ग पर ले जाकर अपराध की ओर धकेल दिया।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: TMH में ईलाजरत लखनसाई से मिले जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू