गुवा: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के स्टील मंत्रालय सचिव संदीप पौंड्रिक, अध्यक्ष अमरेंदू प्रकाश और निदेशक एम. आर. गुप्ता गुरुवार को हेलीकॉप्टर से गुवा पहुंचे। आगमन पर सेल के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने उनका स्वागत किया। सुरक्षा स्कॉर्ट के साथ अधिकारियों को सेल निदेशक भवन ले जाया गया, जहाँ सीआईएसएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी।

लगभग आधे घंटे के विश्राम के बाद अधिकारी राजाबुरु खदान के निरीक्षण के लिए रवाना हुए। निरीक्षण के दौरान स्टील सचिव संदीप पौंड्रिक ने खदान की वर्तमान स्थिति और उत्पादन संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राजाबुरु खदान का पुनः संचालन क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। खदान के विस्तार से न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में इस क्षेत्र को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
करीब दो घंटे के निरीक्षण के बाद अधिकारी शाम 3:30 बजे हेलीकॉप्टर से रांची रवाना हुए, जहाँ शाम 5:00 बजे झारखंड राज्य मुख्यमंत्री के साथ बैठक प्रस्तावित थी। गुवा क्षेत्र में अधिकारियों के दौरे को लेकर स्थानीय कर्मचारी और ग्रामीण उत्साहित दिखे। यह दौरा क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















































