गुवा: ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेल गुवा अयस्क खदान प्रबंधन ने “जल ही जीवन है” अभियान के तहत पाँच नवनिर्मित सौर जल मीनारों का उद्घाटन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत गंगदा गांव से हुई और समापन बड़ा जामकुंडिया में हुआ। इस परियोजना के तहत गंगदा, घाटकुरी, डुइया, छोटा जामकुंडिया और बड़ा जामकुंडिया गांवों में सौर ऊर्जा से संचालित जल मीनारें लगाई गई हैं।
नई सौर जल मीनारों के माध्यम से ग्रामीणों को अब शुद्ध और लगातार पेयजल उपलब्ध होगा। इससे जहां जल संकट का समाधान होगा, वहीं सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में एस.पी. दास (जीएम-खान), डॉ. टी.सी. आनंद (जीएम-ई एंड एल), राजू सांडिल (मुखिया, गंगदा पंचायत), लागुरा देवगम (मानकी), रुबेन (मुंडा, जामकुंडिया) समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम और परियोजना का नेतृत्व अनिल कुमार (डीजीएम-सीएसआर) ने किया। उनकी देखरेख में सभी सौर जल मीनारों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
















































