जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर सात में रविवार देर रात 23 वर्षीय युवक करण राम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक उत्तराखंड के नैनीताल जिले का निवासी था और पिछले दो वर्षों से दीपू नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करण का एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था। बीते तीन-चार दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। बताया गया कि युवती शादी समारोह में व्यस्त थी और उससे बात नहीं कर रही थी, जिससे करण मानसिक रूप से परेशान था। रविवार की रात करण ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी।
सोमवार सुबह जब प्रेमिका उसके कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने आसपास के लोगों और साकची थाना को सूचना दी.
पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को पाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने युवक का मोबाइल बरामद किया, जिसमें युवती के साथ बातचीत और चैटिंग के कई प्रमाण मिले।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधों में विवाद का प्रतीत होता है। वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मोबाइल डेटा की बारीकी से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करण शांत स्वभाव का युवक था और पिछले कुछ दिनों से बेहद तनावग्रस्त दिखाई दे रहा था। फिलहाल पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: ACIB की त्वरित कार्रवाई से बारात में उत्पन्न विवाद सुलझा, सभी बंधक सुरक्षित रिहा